वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बगदाद
Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र
Updated Sun, 08 May 2022 07:59 AM IST
सार
अलकायदा की ओर से जारी इस 27 मिनट लंबे वीडियो को शुक्रवार को साइट (SITE) नाम के खुफिया समूह ने उजागर किया। यह समूह दुनियाभर में आतंकी गतिविधियों पर नजर रखता है।

अलकायदा प्रमुख अल-जवाहिरी
– फोटो : सोशल मीडिया
ख़बर सुनें
विस्तार
आतंकी ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद अल कायदा का सरगना बनने वाला अयमान अल-जवाहिरी लगातार वीडियो संदेशों के जरिए अमेरिका समेत पश्चिमी देशों के खिलाफ जहर उगलता रहा है। अब एक और संदेश में उसने रूस और यूक्रेन युद्ध को लेकर टिप्पणी की है और इसके लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। ओसामा के मारे जाने की 11वीं बरसी पर अलकायदा की ओर से जारी वीडियो में जवाहिरी कहता है कि यह अमेरिका की कमजोरी का ही नतीजा है, जिसकी वजह से यूक्रेन आज रूसी हमले का शिकार बना है।
कहां से आया वीडियो?
अलकायदा की ओर से जारी इस 27 मिनट लंबे वीडियो को शुक्रवार को साइट (SITE) नाम के खुफिया समूह ने उजागर किया। यह समूह दुनियाभर में आतंकी गतिविधियों पर नजर रखता है। वीडियो में जवाहिरी को एक मेज पर किताबों और बंदूकों के साथ बैठे देखा जा सकता है। वीडियो में वह मुस्लिमों से साथ आने की अपील करता है और कहता है कि अमेरिका अब कमजोर देश बन चुका है। वह एक मौके पर 9/11 हमलों और इसके बाद इराक और अफगानिस्तान में वर्षों तक चले युद्ध का भी जिक्र करता है।
वीडियो में क्या कह रहा जवाहिरी?
इस वीडियो में आतंकी जवाहिरी कहता है- “यह इराक और अफगानिस्तान में हार के बाद वाला अमेरिका है। 9/11 हमलों के बाद आई आर्थिक आपदा के बाद वाला अमेरिका है। कोरोना महामारी और अपने साथी यूक्रेन को रूस का शिकार बनने के लिए छोड़ने वाला अमेरिका है।”
गौरतलब है कि अल-जवाहिरी 2011 में अलकायदा का सरगना बना था। उससे पहले तक ओसामा बिन-लादेन इस संगठन की कमान संभाल रहा था। हालांकि, अमेरिका में मोस्ट वॉन्टेड लादेन को पाकिस्तान के ऐबटाबाद में 2011 में ही मार गिराया गया था। तभी से जवाहिरी ने अलकायदा के सरगना की भूमिका संभाल ली थी। जवाहिरी के ऊपर अभी भी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की तरफ से 2.5 करोड़ डॉलर का इनाम है।